संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र में घर पर सो रही एक छात्रा की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, महुली थाना क्षेत्र के अम्मादेई गांव निवासी अरुण कुमार की पुत्री रिद्धि, खजूरिया खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि वह घर पर सो रही थी, तभी किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने छात्रा का इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी छात्रा की असमय मौत से शोक का माहौल है।