छात्र संघ चुनाव के लिए छात्रों का प्रदर्शन
एचआरपीजी कॉलेज के छात्र संघ चुनाव का मामला
कॉलेज प्रशासन ने अक्तूबर में चुनाव कराने का आश्वासन दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने सोमवार को कॉलेज गेट पर प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्र नेता संदीप तिवारी उर्फ चंदन ने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्र संघ चुनाव नहीं कराना चाहता है। वह छात्र हितों की अनदेखी कर रहा है। पुराने छात्र संघ का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में छात्र संघ का चुनाव कराया जाना बेहद जरूरी है। छात्र नेता कॉलेज के मुख्य गेट पर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। इसके साथ ही नारेबाजी करते हुए कॉलेज परिसर में आ गए और प्राचार्य कक्ष में पहुंचे। जहां पर वरिष्ठ शिक्षक राजेश मिश्र ने छात्र नेताओं से वार्ता शुरू की। छात्र नेता चुनाव की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस भी पहुुंच गई और छात्रों को समझाने का प्रयास करने लगी। काफी देर बार छात्र नेता माने और कॉलेज परिसर से बाहर हुए। इस दौरान नितेश मौर्य, सत्यम भट्ठ, अभिषेक भाटी, अनुपम भट्ठ, निलेश पांडेय, नदीम कुरैशी, प्रियांशु सिंह, प्रियांशु सिंह, अंशुमान उपाध्याय, बंटी पांडेय, श्रीधर पांडेय आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में प्राचार्य, एचआरपीजी कॉलेज डॉ मंजू मिश्रा ने कहा कि छात्र चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन किए हैं। छात्रों को अक्तूबर में चुनाव कराए जाने का आश्वासन दिया गया है। छात्र महाविद्यालय में पठन-पाठन करें। चुनाव की तिथि जल्द ही घोषित कर दी जाएगी।