मगहर के एक ही मोहल्ले में तीन घरों में चोरी
- घर में घुस कर चोर कीमती जेवरात, नकदी और मोबाइल उठा ले गए
- पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। नगर पंचायत मगहर के एक ही मोहल्ले में सोमवार रात चोरों ने तीन घरों में चोरी की वारदात की। चोर एक लाख कीमत के जेवरात, नकदी और मोबाइल आदि उठा ले गए। मंगलवार को पीड़ितों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू की। चोरी की घटना से नगर के लोग दशहतजदा हैं।
नगर के मोहल्ला संतकबीरनगर वार्ड नंबर 12 निवासी मोहम्मद आजम के मकान के पीछे से चोर घर में घुस गए और मोबाइल चुरा ले गए। उसी रात उसके पड़ोसी यास्मीन पत्नी आफताब अहमद के घर के पीछे के रास्ते चोर घर में घुस गए और कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा 6,000 रुपये, सोने का हार और सोने का झुमका उठा ले गए। चोर पीड़िता के घर से करीब एक लाख के सामान उठा ले गए। चोरों ने तीसरी जगह वाहिद अली के घर को निशाना बनाया। घर में घुसकर चोर मोबाइल उठा ले गए। पीड़ितों ने बताया कि सुबह उठने के बाद उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। चौकी इंचार्ज बलराम पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। चोरी गए मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगवाया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।