संतकबीरनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुरेब में बृहस्पतिवार की शाम काे प्रसव के नाम पर पैसे लेने का मामला सामने आया है। स्टाफ नर्स ने मेंहदावल की रहने वाली एक महिला के परिजनों से दवा के नाम पर रुपये वसूल लिए। इसकी शिकायत प्रसूता के पति ने सीएमओ से मौखिक शिकायत की।
उनके हस्तक्षेप के बाद देर रात पीड़ित परिवार का पैसा वापस हो सका। मामले में सीएमओ ने नर्स से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए है। मेंहदावल थाना क्षेत्र के परसा गांव की रहने वाली एक महिला अपने कांटे स्थित अपने मायके में आई हुई थी। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे महिला को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुरेब पर पहुंचे, जहां तैनात एक स्टाफ नर्स ने महिला को भर्ती करने के नाम पर 500 रुपये की मांग की। पैसा मिलने के बाद महिला को भर्ती किया और नार्मल प्रसव से बच्ची पैदा हुई।
स्टाफ नर्स ने महिला के परिजनों को बाद में सब ठीक होने की बात कहते हुए घर ले जाने को कहा और दवा के नाम तथा चार हजार रुपये की मांग की। इसपर परिजनों ने असमर्थता जताते हुए दो हजार रुपये देने की बात कही। जब बात नहीं बनी तो परिजन 3500 रुपये देकर इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से की। शिकायत मिलने के बाद सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया ने तत्काल अधिकारियों से महिला का पैसा वापस करवाने के निर्देश दिए। देर रात पैसा मिल गया।