संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने बुधवार देर शाम ऑनलाइन बैठक में पुलिस टीम को अपराध नियंत्रण के निर्देश दिए। चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बाजार, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों तथा चोरी की घटनाओं के पूर्व इतिहास वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, सत्यापन तथा निगरानी की हिदायत दी। चोरी के मामलों के त्वरित पर्दाफाश के लिए तकनीकी सेल एवं सर्विलांस टीम को सक्रिय रखने पर एसपी ने जोर दिया।
एसपी ने सभी से कहा कि सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर एवं गैंग-संचालित गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई हो। गैंगस्टर एक्ट की धाराओं के तहत लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करें। अपराधियों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करें। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध पशु परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलायें। रात्रि में सक्रिय पिकेट एवं मोबाइल टीमों को सतर्क रहने के निर्देश एसपी ने दिया। गो-तस्करी में प्रयुक्त होने वाले वाहनों, मार्गों और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखने पर विशेष बल दिया। थानों में दर्ज लंबित प्रकरणों, रिपोर्ट अपडेट तथा डाटा एंट्री से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। अधिकारीगण को निर्धारित समय सीमा के भीतर सीसीटीएनएस के सभी लंबित कार्यों को पूर्ण करने का आदेश दिया। डाटा की शुद्धता एवं समयबद्ध अपलोडिंग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मियों को जागरूक कराने के भी निर्देश दिये। इस दौरान समस्त सीओ, एसओ, समस्त चौकी प्रभारी, प्रभारी एलआईयू, डायल 112 प्रभारी, आरआई रेडियो, यातायात प्रभारी, गोपनीय सहायक, पेशकार समेत अन्य अधिकारी जुड़े रहे।