हादसे में बेटे की मौत, मां-बाप घायल
- बाइक पर पीछे मां-बाप को बैठा कर खलीलाबाद जा रहा था युवक
- सीएचसी नाथनगर से घायल जिला अस्पताल रेफर हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर बृहस्पतिवार को बढ़या बागीचे के पास डीसीएम की चपेट में आने से बाइक सवार बेटे की मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे मां-बाप घायल हो गए। हादसे के बाद जुटे राहगीरों ने घायल मां-बाप को सीएचसी नाथनगर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल दंपती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
धनघटा क्षेत्र के जिगिना के बैरहा पुरवा निवासी 20 वर्षीय रिजवान बृहस्पतिवार को बाइक पर अपने पिता 40 वर्षीय खुर्शीद और माता 30 वर्षीय फरीदुन्निशा को बैठाकर खलीलाबाद जा रहे थे। अभी लोग बढ़या बगीचे के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान खलीलाबाद से नाथनगर की तरफ जा रही डीसीएम से बाइक को टक्कर मार दिया। जोरदार टक्कर की वजह से बाइक सवार तीनों लोग छिटक कर दूर-दूर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे बेटे रिजवान की मौत हो गई। जबकि मां-बाप घायल हो गए। घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद जुटे राहगीरों ने घायलों को सीएचसी नाथनगर पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल पिता खुर्शीद और माता फरीदुन्निशा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर चौकी प्रभारी लाल बिहारी निषाद पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। घायल मां-बाप की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना करके भाग रहे डीसीएम को धनघटा क्षेत्र के बिडहर घाट चौकी की पुलिस ने घेरेबंदी कर पकड़ लिया है।