सेमरियावां। ब्लाॅक क्षेत्र में बिना अनुमति के मिट्टी खनन हो रहा है। दिन-रात लोडर, जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी की खोदाई की जा रही है, जिसमें सरकारी नियमों की अनदेखी हो रही है।
सेमरियावां ब्लाॅक के दुधारा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सीवान में गेहूं कटाई के बाद खाली पड़े खेत से बिना अनुमति के खेतों व खाली पड़ी जमीनों से मिट्टी निकाली जा रही है। इस अवैध खनन से एक ओर जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण को भी क्षति पहुंच रही है।
क्षेत्र के रूधौली, गंगौली, सालेहपुर, चिउटना, दानोकुइयां दुधारा आदि क्षेत्रों में लोडर, जेसीबी और ट्रैक्टरों का उपयोग करके अवैध रूप से मिट्टी खनन किया जा रहा है। तालाबों, खेतों और सार्वजनिक जमीनों से बिना अनुमति के मिट्टी निकालकर ईंट भट्ठों या निजी निर्माण कार्यों के लिए बेची जा रही है। इस अवैध गतिविधि से राजस्व का नुकसान, पर्यावरण को क्षति और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इससे खेतों की उपजाऊ परत हटने से पैदावार की चिंता भी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे खनन माफिया के हौसले बुलंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए खनन पर रोक लगाने की गुहार लगाई है।
इस संबंध में सदर एसडीएम हृदयराम तिवारी ने कहा कि अभी जल्द ही चार्ज संभाला है, पता कराकर कार्रवाई की जाएगी।