माला तिवारी, सहायक अध्यापक जीजीआईसी, बोर्ड परीक्षा की तैयारी में
बिंदुवार और सुस्पष्ट उत्तर से सामाजिक विज्ञान में मिलेंगे बेहतर अंक
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा को लेकर विद्यार्थी अक्सर दबाव में रहते हैं। सामाजिक विज्ञान की तैयारी को लेकर उनके मन में डर रहता है, क्योंकि यह एक विषय न होकर इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान आदि विषयों का गुलदस्ता है। इसके विपरीत शिक्षकों का मानना है कि यह अत्यंत रोचक और उच्च अंक दिलाने वाला विषय है। विद्यार्थी इसे रटने के बजाय पाठ्यक्रम को गहराई से समझें। परीक्षा में बिंदुवार, सटीक एवं सुस्पष्ट उत्तर लिखकर अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद की सामाजिक विज्ञान की सहायक अध्यापक माला तिवारी ने बताया कि तैयारी हमेशा एनसीईआरटी की किताबों से करनी चाहिए। छात्र अक्सर गाइड और बाहरी किताबों के पीछे भागते हैं, जबकि मुख्य परीक्षा का आधार एनसीईआरटी के कॉन्सेप्ट ही होते हैं। हर अध्याय को पढ़ने के बाद उसके छोटे और प्रभावशाली नोट्स बनाएं। महत्वपूर्ण तारीखों, प्रमुख घटनाओं और परिभाषाओं को रेखांकित करें। इससे रिवीजन में मदद मिलती है। इतिहास की घटनाओं को क्रमबद्ध कहानी के रूप में समझें। इससे बड़े उत्तर लिखना बहुत आसान हो जाता है और आपको रटने की जरूरत नहीं पड़ती।
0
बहुविकल्पीय प्रश्न और मानचित्र कार्य पर दें ध्यान
बहुविकल्पीय प्रश्न और मानचित्र से संबंधित प्रश्न के सटीक उत्तर से आप पूरे अंक प्राप्त कर सकते हैं। इसलिए इन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मैप का बार-बार अभ्यास करें, ताकि स्थान और घटनाएं आपकी स्मृति में बैठ जाएं। परीक्षा की तैयारी के दौरान उन टॉपिक्स पर ज्यादा समय दें, जिनमें आप खुद को कमजोर महसूस करते हैं। सहायक अध्यापक माला तिवारी ने कहा कि बार-बार अभ्यास करने से आपकी तर्कशक्ति और समझ बेहतर होती है। परीक्षा के समय तनाव को खुद पर हावी न होने दें। समय का सही प्रबंधन और भाषा पर ध्यान दें तो इस विषय में अच्छे अंक हासिल कर सकते हैं।