मेंहदावल बाईपास पर मिनी बस स्टैंड के लिए जमीन चिन्हित-संवाद
संतकबीरनगर। शहर के मेंहदावल बाईपास पर मिनी बस स्टाॅप सेंटर बनाने के लिए सर्वे का कार्य पूर्ण हो गया है। इसके साथ ही बस स्टाॅप सेंटर की उम्मीद जग गई है। अब इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी चल रही है।
जिले के सृजन के बाद से ही बस डिपो की स्थापना नहीं हो सकी है। हालांकि, अब मीरगंज में जमीन चिह्नित की गई है। शासन ने बजट भी उपलब्ध करा दिया है। मीरगंज शहर से दूर होने के चलते नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जगत जायसवाल ने परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर मेंहदावल बाईपास पर बस स्टाॅप सेंटर बनाने का आग्रह किया था। इसके लिए पालिका प्रशासन ने जमीन उपलब्ध कराने की बात कही।
शासन के निर्देश पर परिवहन निगम ने चिह्नित की गई जमीन का सर्वे कराया है। इसके बाद अब प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाने की तैयारी चल रही है। मेंहदावल बाईपास पर बस स्टाॅप सेंटर बनने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। अभी लोगों को बाईपास पर ही खुले में बसों का इंतजार करना पड़ता है। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। इसके साथ ही जहां पर बस डिपो बन रहा है, वह भी काफी दूर है। मिनी बस स्टाॅप सेंटर बन जाने से यात्रियों को मीरगंज जाने से भी राहत मिल जाएगी। शहर के प्रेमचंद्र, राकेश कुमार आदि ने बताया कि बस स्टाॅप सेंटर बनाया जाना आवश्यक है। पालिका प्रशासन की यह पहल सराहनीय है।
0
मेंहदावल बाईपास पर मिनी बस स्टाॅप सेंटर बनाए जाने के लिए पहल की गई है। सर्वे का कार्य पूर्ण हो गया है।जल्द ही प्रशासन के जरिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। -आयुष भटनागर, एआरएम बस्ती