संतकबीरनगर। ठंडी हवाओं और वातावरण में नमी कम होने का असर त्वचा पर दिखने लगा है। हाथ-पैरों में रूखापन, खुजली, लालिमा और एड़ियां फटने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। घरेलू कामकाज के दौरान बार-बार पानी, साबुन और डिटर्जेंट के संपर्क में रहने से त्वचा की प्राकृतिक नमी कम हो जाती है, जिससे परेशानी और बढ़ रही है।
जिला अस्पताल में इन दिनों प्रतिदिन 15 से 20 महिलाएं त्वचा संबंधी शिकायत लेकर पहुंच रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार सर्दियों में ड्राई स्किन और एक्जिमा की समस्या बढ़ सकती है। वहीं, पहले से सोरायसिस से पीड़ित लोगों में भी इसके लक्षण उभर सकते हैं। ठंड के संपर्क में आने से कुछ लोगों की हाथ-पैर की उंगलियों में सूजन, खुजली और लालिमा होने लगती है। इसके अलावा होंठ फटना और एड़ियों में दरारें पड़ना भी आम समस्या है।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि ठंड में त्वचा की नमी कम होने से रूखापन और खुजली की समस्या बढ़ जाती है। खासकर महिलाओं को त्वचा की नियमित देखभाल करनी चाहिए। नहाने और हाथ धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवायुक्त क्रीम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।