कलेक्ट्रेट में डीएम को पत्रक देते पीड़ित लक्ष्मीकांत ।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
संतकबीरनगर डीएम प्रेम रंजन सिंह बृहस्पतिवार को कार्यालय में फरियादियों की समस्या सुन रहे थे। शिकायत दर्ज कराने बेलहर कला के लक्ष्मीकांत दूबे भी पहुंचे। उन्होंने कहा, साहब वह घरेलू कनेक्शन का बिल नियमित जमा करते हैं। बावजूद इसके दूसरा कनेक्शन नंबर दिखाकर उसके खिलाफ 1,56,549 रुपये की आरसी भेज दी गई। डीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बेलहर कला के मोहल्ला भीतरी टोला निवासी लक्ष्मीकांत दूबे सांथा ब्लॉक में चालक के पद पर तैनात थे। वर्ष 2013 में वह सेवानिवृत्त हो गए। उनका आरोप है कि घरेलू कनेक्शन का बिल वह नियमित जमा करते हैं। उनके विद्युत बिल का असल बकाया 3,786 रुपये है। आरोप है कि विद्युत निगम की ओर से एक और कनेक्शन उनके नाम से दिखाया गया है। इसका बिल 1,56,549 रुपये है।
इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। बुधवार को मेंहदावल तहसील के अमीन ने आरसी भिजवा दी गई। इससे पूरा परिवार परेशान है। शिकायतकर्ता ने डीएम से प्रकरण की जांच करा कर गलत ढंग से बकाए बिल की भेजी गई आरसी को समाप्त कराने की मांग की। डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच विद्युत निगम के एक्सईएन को सौंपी गई है। जांच के बाद यदि शिकायत सही मिली तो आरसी समाप्त कराई जाएगी।
विद्युत एक्सईएन सरोज कुमार ने कहा कि शिकायतकर्ता लक्ष्मीकांत दूबे की शिकायत जांच में सही मिली है। जारी आरसी को वापस करा ली जाएगी।