हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय
जल चढ़ाने के लिए मंदिरों में भोर में ही लग गई श्रद्धालुओं की कतार
सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक को उमड़ी भीड़
विभिन्न जगहों से कांवड़ियों का जत्था भी जल चढ़ाने पहुंचा
फोटो है
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी का पर्व होने के कारण तामेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से लाइन में लगे श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को जल चढ़ाकर पूजा अर्चना की। इसके अलावा सरयू, कुआनों आदि नदियों से जल भरकर कांवड़ियों का जत्था भी पूरे दिन मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करता रहा। भीड़ की वजह से मंदिर के सामने बनी बैरिकेडिंग टूट गई।
सावन के तीसरा सोमवार होने के चलते रविवार को देर रात से ही तामेश्वरनाथ मंदिर पर श्रद्धालुओं के जत्थों के आने का क्रम हो गया। भोर होते ही मंदिर के सामने स्थित पोखरे से जल भरने के लिए पहुंचने लगे। जल भरकर मंदिर के सामने बने प्रवेश द्वार पर घंटों लाइन में खड़े होने के बाद भगवान शंकर को शिवजी को श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाकर पूजा अर्चना की। मंदिर के व्यवस्थापक व कमेटी के सदस्य नरेंद्र नाथ भारती ने बताया कि श्रावण मास में सोमवार को बहुत भीड़ होती है। लोग जलाभिषेक के अलावा रुद्राभिषेक भी करते हैं। भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइन लगाई गई थी। इसके अलावा गेरूआ वस्त्र पहने कांवड़िया भारी संख्या में जल चढ़ाने पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर व आसपास काफी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। इस बीच भोर में भीड़ बढ़ने पर मंदिर के सामने बनी बैरिकेडिंग टूट गई। जिससे कुछ देर तक लाइन में लगे लोगों को जल चढ़ाने में परेशानी हुई।
तामेश्वरनाथ मंदिर के अलावा धनघटा, हैंसर, पौली, नाथनगर, बखिरा, मेंहदावल समेत जिले के अन्य शिवालयों में भी जल चढ़ाने व पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु पूरे दिन आते रहे। महत्वपूर्ण मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।