संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय के मुखलिसपुर रोड ओवरब्रिज की सर्विसलेन टूट गई है। जगह- जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। इधर बरसात का मौसम है, ऐसे में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का सफर मुश्किल हो गया है। इस बीच जल निगम ने पेयजल परियोजना के लिए पाइप डालने के लिए खोदाई कर दी है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। मजबूरी में लोग घूमकर ओवरब्रिज से आने- जाने को विवश हैं।
सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का शासन का निर्देश शहर में ही फेल नजर आ रहा है। शहर की प्रमुख सड़क में शामिल मुखलिसपुर रोड की सर्विसलेन दोनों तरफ गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस मार्ग पर गिट्टियां उखड़कर बिखरी पड़ी हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यह स्थिति तब है जब नगर पालिका परिषद के चेयरमैन जगत जायसवाल और डीएम आलोक कुमार ने इस सड़क का निरीक्षण कर जल्द निर्माण की बात कही थी लेकिन करीब छह माह बीत जाने के बाद भी सड़क को न तो गड्ढा मुक्त किया गया और न ही इसका निर्माण शुरू कराया गया। इस समय बारिश होने पर सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क और गड्ढों का अंतर कर पाना मुश्किल हो रहा है। दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस क्षेत्र के निवासी महेश जायसवाल, राम कुमार वर्मा आदि ने बताया कि यह शहर की प्रमुख सड़क है लेकिन इसकी बदहाली दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
क