संतकबीनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की ओर से गठित एसडीएम एवं बीज निरीक्षकों की टीम ने बृहस्पतिवार को तीनों तहसीलों में बीज बिक्री केंद्रों पर छापा मारा। इस दौरान कुल 23 नमूने लिए गए। साथ ही दो दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
धनघटा तहसील में जिला कृषि अधिकारी एवं एसडीएम, मेंहदावल तहसील में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी व एसडीएम एवं खलीलाबाद तहसील में उप कृषि निदेशक तथा एसडीएम खलीलाबाद के टीम नामित की गयी थी। धनघटा तहसील में जिला कृषि अधिकारी की टीम ने मौर्य बीज भंडार, रामाशीष बीज भंडार, मनीष बीज भंडार, आईएफएसडीसी कृषक सेवा केंद्र उमरिया बाजार, सुधीर बीज भंडार, पूर्वांचल बीज भंडार ,दीप किसान सीड्स, विनोद सीड कंपनी, भारतीय खाद भंडार, प्रदीप बीज भंडार धनघटा एवं भारतीय कृषि बीज भंडार शनिचरा का निरीक्षण किया। दीप किसान सीड्स एवं विनोद सीड कंपनी धनघटा ने बीज बिक्री एवं स्टाक पंजिका उपलब्ध नहीं कराई। उनको चेतावनी जारी की गई। साथ ही मनीष बीज भंडार उमरिया बाजार को किसानों को रसीद नहीं दिए जाने पर नोटिस जारी किया गया। इस प्रकार धनघटा क्षेत्र में गेहूं बीज के 13 एवं सरसों के 6 नमूने लिए गए। इसी प्रकार मेहदावल तहसील क्षेत्र में तीन दुकानों का निरीक्षण करते हुए गेहूं के दो नमूने लिए गए। सभी बीज विक्रेताओं को सचेत किया गया कि किसानों को बीज खरीद की रसीद दी जाए। प्रमाणित एवं आधारीय बीज ही बिक्री करें। रिसर्च बीज किसी भी दशा में बिक्री न किया जाए। यदि रिसर्च के नाम से कोई भी विक्रेता कोई बीज बेचता है तो उसके विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।