सिरसी गांव में गैस सिलिंडर फटने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते तहसीलदार।
धनघटा। क्षेत्र के सिरसी गांव में मंगलवार की भोर में गैस सिलिंडर फटने की वजह गैस में रिसाव होना बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की जांच में यह बात सामने आ रही है। हादसे में घायल हुए पांच लोगों में से दो लोगों को अस्पताल से घर भेज दिया गया है। तीन लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
सिरसी गांव निवासी राम भजन और राम शब्द दो सगे भाई हैं। राम शब्द अपने परिवार के साथ गुजरात में रहकर नौकरी कर रहे हैं। तो राम भजन घर पर रहते हैं। राम भजन की माता 65 वर्षीय किस्मती देवी राम शब्द के घर में रहकर खाना बनाती और खाती हैं। सोमवार की रात भोजन बनाने के बाद किस्मती कमरे को बंद करके बरामदे में सो गईं। जिस कमरे में खाना बनाती हैं, उस कमरे में बल्ब जल रहा था। मंगलवार की सुबह करीब चार बजे किस्मती देवी ने कमरे का दरवाजा खोला तो कमरे में विस्फोट हुआ और आग की लपटे निकलने लगीं। विस्फोट इतना जोरदार था कि कमरे की दो तरफ की दीवार और बीम ढह गई। आग की लपटें करीब 10 मीटर दूर गेट तक पहुंच गई। हादसे में 35 वर्षीय राम भजन, तेरह वर्षीय नंदिनी, 65 वर्षीय किस्मती देवी, 15 वर्षीय अमित और 11 वर्षीय अंकित बुरी तरह झुलस गए। घायलों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद किस्मती और अंकित को डॉक्टर ने घर भेज दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल राम भजन, अमित, नंदिनी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
इधर, घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। गैस सिलिंडर फटने की वजह की तलाश करने में जुट गई। तहसीलदार योगेश्वर पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि सिलिंडर में कहीं रिसाव था। कमरे में बल्ब भी जल रहा था। जो हादसे का कारण हो सकता है।