मेंहदावल। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तहसील स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ सोमवार को बालिका इंटर कॉलेज परिसर में एसडीएम क्षिप्रा पाल व चार्ज अधिकारी तहसीलदार अल्पिका वर्मा की देखरेख में हुआ। एसडीएम ने कहा कि जनगणना देश के विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण आधारभूत कार्य है।
जनगणना के आकड़े विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए समस्त संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणक और पर्यवेक्षक अपने दायित्वों को गंभीरता से समझते हुए प्रशिक्षण को पूरी तरह व्यवस्थित व गुणवत्तापूर्ण ढंग से प्राप्त करें, ताकि जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने बताया सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दो-दो मास्टर ट्रेनर्स द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 बैच में 50-50 की संख्या में प्रशिक्षित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में जनगणना की बेसिक प्रशिक्षण अवधारणाओं और एएचएएल से संबंधित प्रश्नों के उत्तर, प्रगणकों के संभावित प्रश्नों का समाधान तथा अन्य गणना संबंधित प्रशिक्षण गतिविधियों की तैयारी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु को गंभीरता से समझें तथा शॉर्ट नोट एवं वर्किंग नोट भी तैयार करें, जिससे जनगणना करते समय जरूरी जानकारी सरलता एवं स्पष्टता के साथ उपलब्ध कराई जाए। वर्तमान समय में तकनीक के अनुरूप जनगणना का कार्य कराया जा रहा है।
जनगणना के माध्यम से देश में लिंग, दिव्यांगता, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शैक्षिक स्तर, आर्थिक स्थिति एवं रोजगार सहित विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पहलुओं में हो रहे बदलावों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इससे पूर्व 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके माध्यम से नागरिक निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार एवं परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर सकेंगे। जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगे।
इसलिए प्रत्येक स्तर पर प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए जनगणना कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाना जरूरी है।
इस अवसर पर ईओ पंकज कुमार, सीईओ जनार्दन यादव, अनीता त्रिपाठी, बृजेश कुमार यादव, आलोक कुमार पांडेय, शैलेष कुमार पांडेय, वेदप्रकाश, लक्ष्मीकांत शुक्ल आदि मौजूद रहे।