अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम ने रुकवाया निर्माण कार्य
मेंहदावल। क्षेत्र के पड़रिया गांव में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम योगश्वर सिंह ने रविवार को मौके पर पहुंचकर जांच की। एसडीएम ने शिकायत का निस्तारण होने तक निर्माण को रोकने के निर्देश दिए।
कुछ दिनों पहले गांव के लोगों ने सार्वजनिक रास्ते में कब्जे की शिकायत की थी। गांव के लोगों का कहना था कि यह रास्ता पूर्वजों के समय से चला आ रहा है। हम लोग इस रास्ते से होकर आते-जाते हैं, पर गांव के कुछ लोग इसी में नींव की खुदाई कराकर पक्का निर्माण कराने जा रहे हैं। उससे रास्ता अवरुद्ध हो जाएगा।
आने-जाने के लिए कोई और रास्ता नहीं है। तहसील प्रशासन ने इसकी जांच राजस्व टीम को सौंपी थी। एसडीएम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। एसडीएम ने निर्माण कार्य को रोकने के निर्देश देते हुए हल्का लेखपाल को रिपोर्ट देने के लिए कहा है। एसडीएम ने कहा कि निर्माण रोक दिया गया है। हल्का लेखपाल और राजस्व टीम से रिपोर्ट मांगी गई है।