बखिरा। शनिवार को ढोढया स्थित विसर्जन स्थल का एसडीएम सदर शैलेश कुमार दुबे ने निरीक्षण किया। मौके पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था व विसर्जन मार्ग पर सफाई के लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित किया।
एसडीएम ने कहा कि एक-एक करके प्रतिमा का विसर्जन किया जाना चाहिए। मार्ग पर सफाई के लिए समुचित इंतजाम होना चाहिए। इसके लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित करते हुए कहा कि विसर्जन मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होना चाहिए। वहीं, बखिरा पुलिस चौकी पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने वाले समितियों के साथ बैठक हुई। एसओ श्याममोहन ने बताया पंडाल के भीतर सीसीटीवी कैमरा लगना चाहिए। पानी, बालू, मिट्टी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। पंडाल में बिजली का नंगा तार न हो। आरती के वक्त महिलाओं व बच्चियों के प्रति सुरक्षा का इंतजाम हो। डीजे पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का पालन होना चाहिए। बैठक में चौकी इंचार्ज अनिल प्रकाश पांडेय, दयाशंकर, राजेश, राजू, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।