506 विद्यालयों को अंतिम चेतावनी
- यू डायस पर डाटा फीड करने में बरती है लापरवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यू डायस पर विद्यालय का रिकॉर्ड न देने वाले जिले के 506 विद्यालयों को अंतिम चेेतावनी जारी की गई है। इन विद्यालयों को 15 जून तक समस्त शैक्षिक रिकॉर्ड, स्टॉफ की स्थिति, छात्र संख्या, भवन की स्थिति आदि की सूचना यू डायस पर देनी थी, पर समय बीतने के बाद भी सूचना नहीं दी। बीएसए ने अंतिम चेतावनी जारी करते हुए 25 जून तक का समय दिया है। उसके बाद सूचना न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि कक्षा एक से 12 तक के स्कूलों को शासन की वेबसाइट यू डायस पर अपने-अपने विद्यालयों का पूरा रिकॉर्ड देना है। जिसमें विद्यालय पर कमरों की स्थिति, शिक्षकों की संख्या, छात्रों का नामांकन, कर्मियों की संख्या आदि को अपलोड किया जाना है। जिले के 1,750 विद्यालयों में से 1,244 विद्यालयों ने सूचना अपलोड कराई। 506 विद्यालयों ने अब तक सूचना अपलोड नहीं की है। यह कार्य 15 जून तक करना था। इन विद्यालयों के सूचना न देने पर शासन ने नाराजगी जताई है।
बीएसए ने कहा कि इन विद्यालयों को अंतिम चेेतावनी दी गई है। 25 जून तक अगर वह अपने विद्यालयों का रिकार्ड यू डायस पर फीड नहीं कराते हैं तो इन विद्यालयों पर कार्रवाई की रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी जाएगी।