सीएचसी खलीलाबाद में मरीजों से जानकारी लेती राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी।
संतकबीरनगर। राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी ने जिला अस्पताल और उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने सीएचसी खलीलाबाद का निरीक्षण किया।
इस दौरान आयोग की सदस्य जनक नंदिनी ने जिला अस्पताल में एक चिकित्सक के जरिये बाहर की दवा लिखे जाने पर नाराजगी जताते हुए सीएमएस को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
राज्य महिला आयोग सदस्य जनक नंदिनी ने बुधवार को सुबह नौ बजे के करीब जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। सबसे पहले वह एमसीएच विंग में पहुंची। वहां पर शौचालयों में फैली गंदगी के साथ वार्ड में सफाई करने के निर्देश दिए। मरीजों से उन्होंने व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। अल्ट्रासाउंड कक्ष में पुरुष से महिला मरीजों की जांच कराने पर सीएमएस से एतराज जताया। उन्होंने महिला चिकित्सक से महिलाओं की जांच करने के बारे में बात कही। पैथोलाॅजी कक्ष में मरीजों से बातचीत की।
ओपीडी कक्ष में पहुंचने पर मरीज राम भवन एक हजार रुपये की बाहर से दवा खरीदकर चिकित्सक को दिखाने जा रहे थे, जिस पर उनकी नजर पड़ गई। उन्होंने मरीज से पूछा कि किस चिकित्सक ने बाहर की दवा लिखी है। इस पर मरीज संबंधित चिकित्सक के पास ले गया।
इसके बाद सदस्य जनक नंदिनी ने सीएमएस से पूछा कि क्या अस्पताल में दवा नही है जो बाहर से दवा लिखी जा रही है। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए मामले से शासन का अवगत कराने की बात कही।