रेस्टोरेंट की जांच करते खाद्य अधिकारी।
- फोटो : स्रोत खाद्य टीम
संतकबीरनगर। खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को नाथनगर और खलीलाबाद क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान मिठाई की दुकानों से सैंपल लिए। खलीलाबाद शहर के पिज्जा खालो रेस्टोरेंट में गंदगी मिली, जिस पर टीम ने नोटिस जारी कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कुल छह नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक खाद्य आयुक्त सतीश कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर रक्षा बंधन पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान खलीलाबाद शहर पिज्जा खालों रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया, जहां साफ व्यवस्था खराब मिली। किचन में गंदगी थी। इसके साथ ही व्यवस्थित तरीके से खाद्य सामग्री नहीं रखी गई थी।
सुधार के लिए संचालक को नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही किचन में रखे पनीर में कुछ संदेह होने पर उसका नमूना लिया गया। उन्होंने बताया कि धनघटा तहसील के नाथनगर स्थि भागीरथी स्टोर पर छापा मारकर एक सूजी और एक मैदे का सैंपल लिया गया। राहुल ट्रेडर्स नाथनगर से घी और सेंधा नमक का सैंपल संग्रहीत किया गया।
वहीं मुखलिसपुर से कुंज स्वीट हाउस से बूंदी लड्डू का सैंपल लिया गया। नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियम अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रीलाल, बृजेश कुमार, सच्चिदानंद गुप्ता के साथ ही पुलिस बल मौजूद रहा।