घटना में घायल होकर दोनों लोग तड़पने लगे। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एसओ सर्वेश राय अपने सहयोगी सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इधर सूचना पर एएसपी और सीओ भी जिला अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
चुनावी रंजिश में मारी है गोली
एसओ सर्वेश राय ने बताया कि घायल संजय चौहान का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर पूर्व प्रधान के बेटे शब्बीर ने गोली मारी है। डेढ़ साल पूर्व दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस मामले में भी मुकदमा भी दर्ज कराए थे। वैसे अभी तक इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।
एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि पुरानी रंजिश में दसावां के पूर्व प्रधान के बेटे शब्बीर ने संजय चौहान और सुरेश चौहान को गोली मारी है। घटना के मुख्य आरोपी शब्बीर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसका दूसरा साथी भाग गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। इस मामले में जैसे ही तहरीर मिलेगी, वैसे ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पार्टी नेताओं ने की आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
हियुवा के जिलाध्यक्ष टुनटुन राय, जिला प्रभारी आनंद शंकर पाठक, जिला महामंत्री राजू उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष दिनेश चौबे घटना की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंच गए और जानकारी जुटाई। हियुवा के जिलाध्यक्ष टुनटुन राय ने बताया कि प्रधानी के चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान के बेटे शब्बीर ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर हियुव के जिला मंत्री संजय चौहान और सुरेश चौहान को गोली मार दी। मुख्य आरोपी शब्बीर को पुलिस ने पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करें, अन्यथा हियुवा के कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी शब्बीर को पुलिस ने पकड़ लिया है और पूछताछ कर रही है। घायल संजय चौहान ने घटना में कुछ और लोगों के शामिल होने की बात बताई है, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजवा दिया गया है। तहरीर प्राप्त होते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करा दी जाएगी।