संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड की अगस्त-2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में संतकबीरनगर पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जनपद पुलिस ने सीसीटीएनएस से जुड़े सभी 16 मानकों पर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। पुलिस विभाग ने इस उपलब्धि को तकनीकी दक्षता, बेहतर कार्यप्रणाली और टीमवर्क का परिणाम बताया है। सीसीटीएनएस नोडल अधिकारी सुशील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह उपलब्धि हासिल हुई। सीसीटीएनएस प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय के साथ सभी थाना प्रभारियों और सीसीटीएनएस टीम की ओर से लगातार किए जा रहे कार्यों को भी इसका आधार बताया गया है।
तकनीकी सेवाएं मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से सीसीटीएनएस पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर यह रैंकिंग जारी की गई है। सीसीटीएनएस से संबंधित प्रदर्शन का डाटा प्रत्येक माह राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) को भेजा जाता है। इसकी केंद्रीय स्तर पर भी नियमित निगरानी की जाती है।