-आईजीआरएस पोर्टल पर अपेक्षित फीडबैक नहीं पाए जाने पर डीएम हुए सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत संदर्भों के निस्तारण की गुणवत्ता में लापरवाही एवं उदासीन रवैया अपनाए जाने पर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने प्रकरणों से संबंधित शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का फीडबैक खराब पाए जाने को गंभीरता से लेते हुए 10 अधिकारियों का जनवरी का वेतन बाधित करने एवं 14 अधिकारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया है।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत प्रार्थनापत्रों का डिफॉल्टर तिथि से तीन दिन पूर्व निस्तारण किए जाने तथा कोई भी प्रकरण डिफाल्टर न हो तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि का फीडबैक लिए जाने आदि से संबंधित स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, परंतु संदर्भों की समीक्षा बैठक में बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कुछ अधिकारियों द्वारा लापरवाही पाए जाने पर डीएम नाराज हैं। उन्होंने दिसंबर में आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में 60 प्रतिशत प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक वाले अधिकारियों को स्पष्टीकरण तथा जनवरी 2026 का वेतन बाधित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन अधिकारियों का जनवरी 2026 का वेतन बाधित किया गया है, उनमें सहायक विकास अधिकारी हैंसर बाजार, खंड शिक्षा अधिकारी हैंसर बाजार, खंड विकास अधिकारी पौली, बाल विकास परियोजना अधिकारी खलीलाबाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका धर्मसिंहवा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मेंहदावल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बेलहर कला, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका खलीलाबाद, अपर मुख्य अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिकायत में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न किए जाने के संबंध में तथा असंतुष्ट संदर्भों के सापेक्ष में किससे संपर्क किया गया और संतुष्टि के लिए क्या किया गया है और भविष्य में कोई भी प्रकरण में असंतुष्ट न हो इसके लिए क्या प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण तीन दिवस में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में डीएम ने शिकायती संदर्भों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नही किए जाने पर 50 प्रतिशत से अधिक प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक वाले अधिकारियों को चेतावनी जारी किए जाने का निर्देश दिया है, जिसमें अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका हैंसर बाजार, सब रजिस्ट्रार खलीलाबाद, प्रभागीय वन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी बघौली, खण्ड विकास अधिकारी हैंसर बाजार, सहायक विकास अधिकारी खलीलाबाद, चकबंदी अधिकारी खलीलाबाद, वरिष्ठ कोषाधिकारी, सहायक अभियंता विद्युत मेंहदावल, अग्रणी जिला प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक, अधिशासी अभियंता से अपना स्पष्टीकरण तीन दिवस में कार्यालय को उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है।