मेंहदावल। नगर क्षेत्र में बदहाल सड़कों के कारण नगरवासियों के साथ आसपास के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। शिकायत के बाद भी नगर पंचायत प्रशासन सड़कों को गड्ढा मुक्त नहीं कर पाया है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है।
मेंहदावल कस्बे में हालात ये हैं कि नगर के लोग शिकायत दर्ज करा रहे हैं लेकिन नगर प्रशासन इसके निस्तारण में रुचि नहीं ले रहा है। कस्बा क्षेत्र के उत्तर पट्टी जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील है। नाली का पानी इन गड्ढों में आकर समस्या पैदा कर रहा है, लेकिन शिकायत के बाद भी नगर पंचायत प्रशासन मौन है।
मालूम हो कि नायक टोला व ठठराही वार्ड के बीच से जाने वाली यह सड़क गड्ढों में तब्दील है। जहां अक्सर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जबकि इस मार्ग से नगर क्षेत्र के उत्तर पट्टी, सीयर, टडवरिया, टेडुवा, बीमापार, फरदहा, विशुनपुरवा, गुलहरिया, समदा समित कई गांव के लोग कस्बे में इसी मार्ग से आते-जाते हैं। बदहाल सड़क पर लोगों को यात्रा करना भारी पड़ रहा है। मोहल्ला निवासी मनोज कुमार कसेरा, नन्हेलाल, नंदलाल, अशोक अग्रहरि, अवनींद्र जायसवाल, हरिराम, केशव प्रसाद आदि लोगों का कहना है है कि कस्बे का मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील हो रहा है। शिकायत दर्ज करने के बाद भी नगर पंचायत प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने सड़क को गड्ढा मुक्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं था। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।