नाथनगर ब्लाक के बेदूखोर गांव में पानी का पाइप डालने के लिए खोदी गई सड़क
धनघटा। नाथनगर के ग्राम पंचायत परमेश्वरपुर के बेदूखोर गांव में जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के नाम पर दो माह पहले सीसी रोड को तोड़कर पाइप डाल दी गई। पाइप डालने के बाद भी लाखों रुपये की लागत से बनाई गई सीसी रोड की आज तक मरम्मत नहीं कराई गई।
खराब सीसी रोड के कारण लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। पाइप डालने के बाद भी लोगों को स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है, ऊपर से रास्ते की हालात भी खस्ताहाल हो चुकी है। प्रशासन की उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को भी मामले से अवगत कराया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। परमेश्वरपुर के पूरब टोला (बेदूखोर) में दलित बस्ती से लेकर गांव में जाने के लिए ग्राम पंचायत ने सीसी रोड का निर्माण 4.30 लाख रुपये की लागत से कराया था।
दो माह पहले जल जीवन मिशन के ठेकेदार ने सड़क के बीचों-बीच पाइप डालने के लिए सीसी रोड क्षतिग्रस्त कर दिया। तब से आज तक न तो सीसी रोड की मरम्मत की गई और ना ही ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल ही मिल सका है। दोहरी असुविधा से ग्रामीण खासे नाराज हैं।
इसी तरह क्षेत्र के कई अन्य गांव में सड़क तोड़कर पाइप डाल दी गई। लेकिन ग्रामीणों को आने-जाने के लिए न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था की गई।
मामले की शिकायत ग्राम निवासी राममिलन, देवानंद, अशोक चौधरी, हनुमान प्रसाद चौधरी व अन्य ने खंड विकास अधिकारी को सूचना देकर की है। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।