खलीलाबाद ब्लॉक के 16 गांवों में मिलेगा आरओ का पानी
- धार्मिक स्थलों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा रहे आरओ प्लांट
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जल जनित बीमारियों से निजात और गर्मी में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पहल हुई है। खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र के 16 गांवों में आरओ का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।
खलीलाबाद की ब्लॉक प्रमुख प्रमिला देवी ने क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों के जरिए स्थान चिह्नित करते हुए प्रस्ताव मांगा था। जिसकी स्वीकृति कराते हुए आरओ प्लांट लगाने के लिए निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
चकदही के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रविंद्र यादव ने कहा कि आरओ प्लांट लगने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। ब्लॉक प्रमुख प्रमिला देवी ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों व आम जन की मांग थी कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, इसके लिए पहल की गई है। अधिकतर स्थानों पर आरओ प्लांट स्थापित कर दिया गया। जल्द ही सभी स्थानों पर लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगेगा।
इन स्थानों पर लगाया जा रहा आरओ प्लांट
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुरेब, मां वन देवी मंदिर धमरजा, समय माता मंदिर चकदही, शिवमंदिर कोनी, शिव मंदिर गोरयाभार, शिव मंदिर सहसरावमाफी, उदया इंटरनेशनल एकेडमी भुजैनी, बाबा तामेश्वरनाथ इंटर कॉलेज, मां काली मंदिर धमैचा, ब्लॉक परिसर खलीलाबाद, गड़सरपार चौराहा, मां काली मंदिर चंदहर, समय माता मंदिर बयारा, शिवमंदिर मीरगंज आदि स्थानों पर आरओ प्लांट लगाया जा रहा है। इसमें मां समय माता मंदिर चकदही सहित करीब 10 स्थानों पर आरओ प्लांट स्थापित भी कर दिया गया है।