धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक मुख्यालय के परिसर में लगा आरओ प्लांट विगत छह महीने से खराब हो गया है। जिसके कारण आरओ प्लांट में ताला लटक रहा है। फरियादियों को प्यास बुझाने के लिए भटकना पड़ता है। दुकान से पानी बोतल खरीदना मजबूरी बन गई है। हर समय सैकड़ों लोगों की आवाजाही लगी रहती है। लेकिन जिम्मेदार कुछ भी बताने से कतरा रहे है।
पिछले जनवरी माह से बंद पड़ा ब्लाॅक मुख्यालय का आरओ प्लांट चालू नहीं हो सका है। जिससे पीने के पानी की किल्लत बन गई है। ग्रामीण इलाकों से आने वाले फरियादियों को गर्मी में पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से कही जा चुकी है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अलबत्ता मामले में जिम्मेदार कुछ बोलने से भी कतरा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को ब्लाॅक पहुंचे फरियादी बालमुकुंद, बाबूलाल, निहोर निषाद, पंकज कुमार, विवेक, अभिषेक, मानसी, गुड़िया, कबूतरा देवी, सोनम, बासमती आदि ने बताया कि जरूरी काम से पहुंचे हैं। ऊपर से भीषण गर्मी पड़ रही है लेकिन मजबूरीवश रुके हुए हैं। प्यास बुझाने के लिए जब आरओ तक पहुंचे तो बंद है, वहां ताला लटक रहा है।
परिसर में एक बड़ा नल और एक छोटा नल लगा है। वह भी छह महीने से खराब पड़ा हुआ है। बीडीओ सहित अन्य जिम्मेदार ब्लाॅक अधिकारी कार्यालय में रहते हैं, लेकिन उनकी नजर इस समस्या पर नहीं पड़ती है।