फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: जान जोखिम में डालकर ट्रांसफॉर्मर से चोरी कर रहे तेल, बिजली भी कर रहे बाधित

विज्ञापन
विज्ञापन
संतकबीरनगर। जनपद में चोर जान जोखिम में डालकर ट्रांसफाॅर्मर से तेल चोरी कर रहे हैं। यहीं नहीं वह बिजली भी बाधित कर रहे हैं। ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी का गिरोह सक्रिय हो गया है। जिस पर रोक नहीं लग पा रही है। 18 फरवरी को कोतवाली क्षेत्र के चुरेब बेलौहा स्थित ट्रांसफॉर्मर से 400 लीटर तेल चोरी हुआ था। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पूर्व में पिछले साल दो बार खलीलाबाद शहर के मड़या मोहल्ला स्थित ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी हुआ था।
विज्ञापन

जिले में दो-तीन साल के भीतर ट्रांसफाॅर्मर चोरी, ट्रांसफाॅर्मर से तेल एवं अन्य कीमती पार्ट के चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। चोर अपने जान की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। वह चालू बिजली की लाइन के सप्लाई को बाधित करके चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। इसकी वजह से बिजली निगम को काफी राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। चोरी की यह घटनाएं दिन प्रतिदिन आम होती जा रही हैं। जिस पर लगाम नहीं लग पा रही है।

तेल चोरी के मामले में अज्ञात पर दर्ज हुई प्राथमिकी
कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने जेई धनंन्जय सिंह की तहरीर पर बृहस्पतिवार को देर रात तेल चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि जेई धनंन्जय सिंह ने पुलिस को दिए तहरीर में जानकारी दी कि बेलौहा चुरेब में 250 केवी के ट्रांसफार्मर की आपूर्ति 18 फरवरी को रात लगभग 12:30 बजे बाधित करके अज्ञात लोगों ने 400 लीटर तेल निकाल लिया। उसके बाद ढक्कन खोलकर उसमे लगी बाइंडिंग को निकालकर ले जाने का प्रयास किया। जिसकी सूचना उन्हें बुधवार को सुबह लगभग 7 बजे स्थानीय लोगों ने दिया। इसके बाद वह उपखंड अधिकारी बघौली के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। लगभग 4 लाख रुपये कीमत का ट्रांसफार्मर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। कोतवाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्जकर घटना की जांच की जा रही है।
विज्ञापन


पूर्व में भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
जनपद में ट्रांसफाॅर्मर चोरी, ट्रांसफाॅर्मर से तेल एवं अन्य कीमती पार्ट के चोरी की घटनाएं पूर्व में भी हो चुकी हैं। हाईवे स्थित टेमा रहमत चौरहा के पास निर्माणाधीन अस्पताल से मार्च 2024 में ट्रांसफार्मर से तेल व कीमती पार्ट के चोरी की घटना हुई थी। वहीं इसी साल मड़या स्थित हाइवे के किनारे स्थित कोल्ड स्टोर के सामने लगे 250 केवी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी हो गया था। वर्ष 2025 फरवरी व मई माह में मड़या काली मंदिर के पास स्थित 400 केवी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर लिया गया। मई माह में जेई अमित सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं चोरों ने 18 फरवरी को कोतवाली क्षेत्र के बेलौहा चुरेब में फिर से एक बार चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस का सिर दर्द बढ़ा दिया है।

हो सकती है विभागीय संलिप्तता
ट्रांसफाॅर्मर से तेल चोरी की घटना में विभागीय संलिप्तता से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। अमूमन चालू लाइन में तेल निकालना सामान्य बात नहीं है। वहीं विभागीय लोगों की मानें तो बिना किसी टेक्निकल जानकार के ट्रांसफार्मर से तेल नहीं निकाला जा सकता है। कुल मिलाकर इस वारदात में जानकारों के शामिल होने की संभावना दिख रही है।

आरामशीन संचालकों को बेचते हैं तेल
जानकारों की मानें तो ट्रांसफाॅर्मर के तेल की ज्यादा खपत आरा मशीनों की जाती है। इसके अलावा स्वास्थ्य के लिए भी इसका इस्तेमाल होता है। जानकार बताते हैं कि शरीर के पुराने दर्द में ट्रांसफाॅर्मर का तेल काफी कारगर साबित होता है। वहीं आरामशीन को सुगमता से चलाने के लिए तेल का काफी प्रयोग होता है। जिससे मशीन काफी लंबे समय तक सुरक्षित चलती है। माना जा रहा है कि चोर तेल को ले जाकर आरा मशीन संचालकों को देते हैं। हालांकि वह इसे कितने में बेचते हैं, इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।

ट्रांसफाॅर्मर से तेल चोरी की घटना पूरी तरह से प्रोफेशनल है। इसके लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। पूर्व की घटनाओं एवं आरोपियों की कुंडली खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
सुशील कुमार सिंह, एएसपी

बिना बिजली बाधित किए ट्रांसफाॅर्मर से तेल चोरी होना संभव नहीं है। घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। पुलिस जांच में यदि कोई विभागीय संलिप्तता मिलती है तो वह भी सामने आ जाएगा।
विज्ञापन

राजेश कुमार प्रजापति, एक्सईएन खलीलाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें