संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद क्षेत्र में जगह-जगह नाले खुले हैं। इसके अलावा जहां नालों पर स्लैब लगे भी हैं वह टूट गए हैं। इससे राहगीरों को आने-जाने में हादसे का भय सता रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार ध्यान दे रहे हैं।
जल निकासी के लिए नगर पालिका खलीलाबाद क्षेत्र में छोटे-बड़े करीब 36 नाले बनाए गए हैं। यह नाले असुरक्षित हैं। कई जगह नालों पर स्लैब नहीं हैं। इसके साथ ही जहां पर स्लैब लगाए थे, वह भी टूट गए हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। शहर में बरदहिया बाजार, जूनियर हाईस्कूल, पुरानी सब्जी मंडी रोड, मुखलिसपुर तिराहा के सर्विस लेन, जनता मार्ग आदि स्थानों पर समस्या बनी हुई है। इसके साथ ही डीघा बाईपास के निकट नाले पर लगा स्लैब टूट गया है।
मेंहदावल बाईपास पर जहां बस स्टाप सेंटर बनाया गया है, उसके पास नालों को जोड़ा गया है, लेकिन इन नालों पर स्लैब नहीं डाला गया है। ऐसी ही स्थिति हाईवे के दोनों तरफ के नालों की भी है, इन स्थानों पर कई जगह स्लैब नहीं डाले गए हैं। बरदहिया बाजार के पास बड़े नाले पर स्लैब नहीं डाला गया है, जबकि यहां नाले के पास ही दुकानें लगती हैं। जूनियर हाईस्कूल के पास नाला खुला होने से स्कूल आने बच्चों की चिंता सताती रहती है। इस क्षेत्र के निवासी पवन कुमार का कहना है कि बच्चे को स्कूल भेजने के दौरान चिंता सताती रहती है। यहीं नही नाले में कई बार पशु भी गिर जा रहे हैं। बनियाबारी के पास कुछ दिनों पूर्व छुट्टा पशु गिर गया था, जिसे निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।
शहर में नालों पर स्लैब डाले गए थे। जहां पर स्लैब टूट गए हैं या नहीं लगे हैं, वहां पर जल्द ही स्लैब लगवाए जाएंगे, ताकि लोगाें को समस्या से निजात मिल सके।
अवधेश कुमार- ईओ नगर पालिका परिषद, खलीलाबाद