हादसे में मौत की जानकारी के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रिश्तेदार।
- फोटो : अमर उजाला
हाइवे पर डीघाबाई पास के निकट शनिवार रात एक ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार रिटायर्ड क्लर्क की मौत हो गई। जानकारी पर रविवार को रिटायर्ड क्लर्क के रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के रामडीह गांव निवासी रामशरण सिंह (61) पुत्र राजबली सिंह खलीलाबाद क्षेत्र के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में बाबू के पद से रिटायर्ड हुए थे। उनके शिक्षक भाई स्वर्गीय रामनाथ सिंह का डीघा में मकान है, वहीं रामशरण रहते थे। वह शनिवार रात साढ़े नौ बजे के करीब साइकिल से बरदहिया बाजार की तरफ से डीघा स्थित मकान पर जा रहे थे। अभी वह डीघा बाईपास के निकट पहुंचे ही थे। उसी दौरान गोरखपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार की एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें जिला अस्पताल ले गई,जहां देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके रिश्तेदार नेहिया खुर्द निवासी राजीव सिंह ने बताया कि रामशरण सिंह की शादी नहीं हुई थी। वह खलीलाबाद क्षेत्र के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बाबू के पद से रिटायर्ड हुए थे। उनके भाई रामनाथ सिंह एचआर इंटर कॉलेज में शिक्षक थे और उनकी भी मौत हो चुकी है।
वह अपने भाई के परिवार के साथ ही डीघा में बने मकान पर रहते थे। किसी अज्ञात ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।