खलीलाबाद क्षेत्र के पकरडीहा और पोपया में होनी थी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। खलीलाबाद ब्लाॅक के ग्राम पकरडीहा व पोपया में सोशल ऑडिट की खुली बैठक होनी थी। जानकारी के अभाव में गांववाले नहीं पहुंचे। ऑडिट करने पहुंची टीम लोगों का इंतजार करती रही। लोगों के न आने पर कोरम पूरा कर लौट गई।
संतकबीरनगर जनपद के सभी ब्लाको में इन दिनों सोशल ऑडिट के साथ खुली बैठक हो रही है। जिससे गांव के लोगों को गांव में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी जा सके। खलीलाबाद ब्लाॅक के पकरडीहा गांव में सोशल ऑडिट की खुली बैठक निर्धारित थी। इसके लिए ऑडिट टीम की मालती देवी, सीमा देवी व बुद्धि सागर पाण्डेय गांव में स्थित पंचायत भवन पहुंच गए। यहां टीम लोगों का इंतजार करती रही। इक्का-दुक्का लोग आए थे।
इसी तरह का हाल पोपया गांव का भी रहा। जहां ऑडिट टीम के राकेश मिश्रा, हरिपाल, रामचन्द्र और अनीता गांव के जिम्मेदार लोगों का इंतजार करते रहे। दोनों ग्राम पंचायत के सचिव कमलेश पति त्रिपाठी ने बताया कि ब्लाॅक पर वीसी होने के कारण बैठक में नहीं पहुंच सके।