मेंहदावल। थाना क्षेत्र के शिवरही गांव में अक्तूबर में हुई मारपीट, डकैती के मामले में न्यायालय के आदेश पर अब मेंहदावल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। शिकायती पत्र में मीना पत्नी रामनयन निवासी सेवरही ने कहा कि अजय पुत्र मिठाईलाल अक्तूबर में मोहल्ले में मंडराता रहता था। लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार करता था। बेटे शिवम ने उसे ऐसा न करने की सलाह दी। 24 अक्तूबर को रात 10 बजे मैं दवा कराकर जैसे ही गोरखपुर से घर पहुंची, गांव के मिठाईलाल सहित अन्य लोग घर में घुस गए। लाठी-डंडे से मुझे पीट दिया। बीच बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों से भी मारपीट की गई। आरोपियों ने सोने का मंगलसूत्र आदि लूट लिया। घर में तोड़फोड़ भी की।
मेंहदावल पुलिस से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। उसके बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट ने मिठाईलाल, अजय, विजय, शिवराज, अनारकली, श्रीमती, लालचंद, राधिका व प्रिंस के खिलाफ डकैती, तोड़फोड़ व मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना के दौरान जो साक्ष्य प्रकाश में आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।