मेंहदावल। विधानसभा क्षेत्र में स्थित तहसील क्षेत्र अंतर्गत बूथों पर तैनात 20 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर संबंधित सुपरवाइजरों की आख्या के आधार पर एसडीएम व निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने एक दिन का वेतन बाधित करने की संस्तुति की है। एसडीएम ने बीएलओ का कार्य करने से मना करने वाले बीएलओ पर मुकदमा दर्ज करते हुए विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
एडीएम संजीव कुमार राय ने बताया कि सभी संबंधित सुपरवाइजरों की आख्या के अनुसार यह बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं कर रहे हैं। विधान सभा निर्वाचक नामावलियों में दर्ज मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य बीएलओ एप से ऑनलाइन फीड किया जाना है। यह कार्य अक्तूबर से ही प्रारंभ है।
संबंधित सुपरवाइजर की रिपोर्ट अनुसार चंवरही में शर्मिला और रामचरन, करनजोत में तुलसीराम, मोतीपुर में पुष्पा देवी, पकड़ी आराजी में सेहरुन्निशा, रसूलपुर में सुनीता मिश्र, देवरिया में शशिबाला, बूढी बेलहर में परविंद सिंह, दासडीह में राजेंद्र प्रसाद, छपवा में पूजा पाठक, करहना में बिंदू देवी, भैंसामाफी में रशीदा खातून, आमडाड़ में राजकुमारी, नगर पंचायत मेंहदावल में अजय, बेलौली में शांति और जनकनंदिनी, जमोहरा में सुशीला, बरडाड़ में इंद्रावती देवी और दुर्गजोत में रामाज्ञा यादव समेत 20 बीएलओ ने कार्य में लापरवाही बरती है।
ये बूथों से संबंधित सुपरवाइजर का कॉल नहीं उठाते और न ही बीएलओ का कार्य करने में रूचि ले रहे हैं। इससे घर-घर जाकर मतदाताओं मतदाता सूची के 2003 और 2025 का ऑनलाइन फीडिंग का कार्य बाधित है। सांता, मेंहदावल और बेलहर ब्लॉक के बीईओ, बीडीओ और सीडीपीओ को निर्देशित करते हुए संबंधित बीएलओ का एक दिन का वेतन बाधित करने की संस्तुति की गई है।