कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक करतीं डीएम।
- फोटो : KHALILABAD
गड्ढा मुक्त सड़कों की होगी रैंडम जांच
संतकबीरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में जनपद के विकास, निर्माण एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की मासिक समीक्षा हुई। इस दौरान 50 लाख रुपये से ऊपर के निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट व वास्तविक निर्माण कार्य में अंतर पाए जाने पर नाराजगी जताई। इसकी निगरानी के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के परिणाम की समीक्षा आंकड़ों के आधार पर करते हुए जिले में जेई/एईएस के संवेदनशील इलाकों में डोर-टू-डोर बचाव संबंधी उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराते रहने के भी निर्देश दिए। जनपद में सड़कों के निर्माण एवं गड्ढा मुक्त किए जाने की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिशाषी अधिकारी पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट प्राप्त कर उसकी रैंडम चेकिंग कराने के निर्देश दिए। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने सामान्य तौर पर कार्यदायी संस्थाओं की ओर से निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद सीधे संबंधित विभाग को हैंडओवर करने की प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए कहा कि संबंधित निर्मित भवन/कार्य में गुणवत्ता आदि की जांच के बाद बेहतर रिपोर्ट मिलने एवं निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उसे हैंडओवर किया जाए। कार्यदायी संस्थाओं/ठेकेदारों की ओर से कार्य के एवज में भुगतान में विलंब न करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी सहित खंड विकास अधिकारियों को तत्काल अनारम्भ कार्यों को शुरू कराने के निर्देश दिए। वृहद गोआश्रय स्थल के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित कर निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम संजय कुमार पांडेय, सीडीओ अतुल मिश्र, डीडीओ राजितराम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।