इस गीतों की श्रृंखला का उद्देश्य, जहां एक तरफ भगवान श्रीराम को एक संगीतमय श्रद्धांजलि देना है, वहीं आने वाले अनेक वर्षों तक युवाओं को भगवान श्रीराम के जीवन के बारे में संगीत के माध्यम से जोड़ना भी है। यह एल्बम एक बड़ी आबादी विशेषकर युवा दर्शकों को आकर्षित करने और उन तक पहुंचने का प्रयास है। इसके साथ ही अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत के बारे में जागरूकता पैदा करना इसका उद्देश्य है। साथ ही अयोध्या को धार्मिक पर्यटन के लिए एक ब्रांड के रूप में विकसित करना भी है।
इस एल्बम में भगवान राम के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाएं हैं। एल्बम रामतरंग को यूट्यूब, स्पॉटिफाई, विंक म्यूजिक, गाना डॉट कॉम, अमेजन म्यूजिक, जियो सावन, एप्पल म्यूजिक इत्यादि प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर वितरित किया गया है। इस एल्बम की अवधारणा अयोध्या के कमिश्नर गौरव दयाल के जरिए तैयार की गई है और डीएम संतकबीरनगर महेंद्र सिंह तंवर ने इस एल्बम के निर्माण का समन्वय और कार्यान्वयन किया है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस एल्बम में रामायण के प्रमुख चरणों से प्रेरित 14 खूबसूरत गीत हैं।
देश के प्रसिद्ध गायकों ने दिए अपने सुर
रामतरंग में बॉलीवुड के गायक कैलाश खेर, अरिजीत सिंह, आदित्य देव, अमित त्रिवेदी, संगीत गोल्डी, कविता कृष्णमूर्ति, गीत सागर, रशीद खान विख्यात रैपर बादशाह, शेखर स्वाजियानी, तनिष्क बागची, कार्तिक कुश ने अपनी आवाज दी है। इनमें सात गीतों को एमएसटी ने लिखा है।