ब्रेललिपि में रामचरित मानस पाठ किया
- फोटो : अंबरीश मिश्रा
ब्लॉक के कुसौनाखुर्द गांव में काली मंदिर पर चलने वाले दृष्टिविहीन बेरोजगार युवा की नारायण संघकीर्तन मंडली के अखंड रामचरित मानस पाठ का समापन शुक्रवार को हुआ। इनके द्वारा ब्रेललिपि में रचित रामचरित मानस का गायन पूरे सुर, लय और ताल में किया गया। उनकी इस गायन कला की गांववासियों ने पूरी श्रद्धा से सुनते हुए उनके गायन की सराहना भी की।
कीर्तन मंडली में शामिल सतीश यादव, सुनील गुप्ता, रवी कुमार, रामभवन, दिनेश शाह ने कहा कि कई बाधाओं पर काबू पाकर हम लोगों द्वारा ब्रेललिपि में राम रचित मानस पाठ का गायन किया गया। इसमें लोगों द्वारा मिल रही प्रशंसा पर उन्होंने खुशी जताते हुए बताया कि मानस पाठ करने से मन को काफी सुखद अनुभूति मिलती है। रामचरित मानस पाठ के आयोजक वीरेंद्रनाथ राय ने कहा कि इस कीर्तन मंडली का गायन काफी मधुर है। मानस पाठ के आयोजन के समय पूरे गांव में माहौल काफी धार्मिक रूप ले लिया था। गांव के पुरुष और महिलाओं ने भगवान राम के आदर्शों के बारे में रचित रामचरितमानस पाठ के इस गायन से जानने का मौका मिला। मानस पाठ का गायन समाप्त होने के बाद हवन यज्ञ किया गया। इसके बाद श्रोताओं ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर राघवेंद्र नाथ राय, रवींद्रनाथ, देवेंद्रनाथ राय, हनुमान राय, सरजू राय, अरविंद राय, भोला, झीनक, झगरू आदि मौजूद रहे।