संतकबीरनगर। बदलते समय के साथ रक्षाबंधन पर्व के लिए सुविधाएं भी बढ़ गई हैं। पहले दूर-दराज रह रहे भाइयों को बहनें डाकघर के माध्यम से राखी, रोली और मिठाई भेजती थीं। राखी समय से पहुंचे, इसके लिए कई दिन पहले ही तैयारी करनी पड़ती थी। अब आधुनिक ऑनलाइन खरीदारी ने इसका तरीका बदल दिया है।
बहनें घर बैठे मोबाइल से ई-कामर्स कंपनियों के माध्यम से राखी और उपहार सीधे भाई के पते पर भेज रही हैं। डिजाइनर राखियों के साथ मिठाई, कपड़े, घड़ी और आकर्षक गिफ्ट पैक भी आसानी से उपलब्ध हैं। कुछ ही क्लिक में पसंद का सामान चुनकर देश के किसी भी कोने में भेजा जा सकता है। इसके साथ ही रक्षाबंधन पर आने-जाने के लिए परिवहन के साधन भी बढ़े हैं।
-
पहले भाइयों को राखी भेजने के लिए डाकघर जाना पड़ता था और कई बार राखी के समय से पहुंचने की चिंता रहती थी। अब मोबाइल से कंपनियों से आर्डर कर घर बैठे राखी और उपहार भेजना काफी आसान हो गया है।
-सुनीता, संठी
ऑनलाइन खरीदारी ने त्योहार की तैयारियों को सरल बना दिया है। दूर रहने वाले भाइयों के लिए मनपसंद राखी और उपहार आसानी से भेजे जा सकते हैं। रक्षाबंधन पर आने-जाने के लिए परिवहन के साधन भी बढ़े हैं।
-मुन्नी पांडेय, टांड़ा
-
तकनीक ने भले ही राखी भेजने का तरीका बदल दिया है लेकिन भाई-बहन के प्यार और स्नेह में कोई बदलाव नहीं आया है। वीडियो कॉल के माध्यम से भी दूर रहने वाले भाई-बहन त्योहार की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा कर लेते हैं।
-पल्लवी पांडेय, सेमरी
-
भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह की डोर आज भी उतनी ही मजबूत है। बदलते परिवेश में रक्षाबंधन निश्चित रूप से हाईटेक हो गया है लेकिन इस पर्व की असली मिठास रिश्तों और आपसी प्रेम में ही बसती है।
-सुहानी, संठी