संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार के निर्देश पर मंगलवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सतीश कुमार व डीडीओ रुक्मणी वर्मा की उपस्थिति में जिला स्तरीय खाद्य स्टेरिंग कमेटी की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। सहायक आयुक्त ने विगत मीटिंग में उठाए गए बिंदुओं में कृत कार्रवाई से अवगत कराया। सभी सदस्यों से सुझाव मांगे गए।
व्यापार मंडल के मनीष चड्ढा ने पनीर और एनालॉग पनीर के संबंध में जागरूक किए जाने के संबंध में सुझाव दिया। जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल ने स्ट्रीट फूड वेंडर को जागरूक किए जाने के संबंध में सुझाव दिए। ड्रग एसोसिएशन के सदस्यों ने सुझाव दिया कि जिले में बहुत से प्रतिष्ठान बिना औषधि लाइसेंस के चल रहे हैं, जिस पर औषधि निरीक्षक ने अवगत कराया कि उन पर औचक जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में खाद्य एवं औषधि अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वह निरीक्षण और छापे की कार्रवाई और बढ़ाएं। आने वाले महीनों में त्योहारों के दृष्टिगत दुकानदारों को नियम कानून की जानकारी जागरूकता के माध्यम से अवगत कराया जाए। साथ ही जिला कारागार को ईंट राइट कैंपस प्राप्त करने संबंधित प्रमाणपत्र दिया गया।
इस दौरान जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, डीआईओएस उपेंद्र कुमार, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, पूर्ति निरीक्षक अभय नारायण, बाट-माप अधिकारी वीपी वर्मा, उपभोक्ता प्रतिनिधि नंदन पांडेय, विनीत चड्ढा आदि मौजूद रहे।