बारिश से सड़कों पर जलभराव, आवागमन हुआ मुश्किल
जल निकासी की बेहतर व्यवस्था न होने से खलीलाबाद कस्बे में नालियां हुई ओवरफ्लो
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बुधवार को दिन में करीब एक घंटे तक जमकर बारिश हुई। इससे शहर में जगह-जगह पानी भर गया। जल निकासी की व्यवस्था ठीक न होने से नालियां ओवरफ्लो हो गईं और गंदा पानी सड़क तक पसर गया। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दोपहर एक बजे के बाद शुरू हुई तेज बारिश करीब एक घंटे तक हुई। इससे शहर के बैंक चौराहा, गोलाबाजार, आजाद चौक से मेंहदावल जाने वाले मार्ग, जिला अस्पताल परिसर, ब्लड बैंक, मड़या, तितौवा, विधियानी आदि क्षेत्रों में जल भराव हो गया। स्थिति यह रही कि नालियां ओवरफ्लो हो गईं और सड़क की पटरियां पानी में डूब गईं। इससे पैदल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नवीन सब्जी मंडी में भी जल निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। नगर पालिका परिषद की ईओ बीना सिंह ने कहा कि जल निकासी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नालों की सफाई कराई गई है, जहां पर दिक्कत है वहां पर पुन: कर्मचारी लगाकर व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।
उमस भरी गर्मी से राहत मिली
बारिश से जहां तक तरफ लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा वहीं उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली। गर्मी से परेशान लोग बारिश से खुश नजर आए। खलीलाबाद कस्बे के निवासी दिनेश कुमार, दिलीप कुमार ने कहा कि उमस भरी गर्मी के बीच हुई बारिश से काफी राहत मिली है।
खेती के लिए फायदेमंद है बारिश
तेज बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। जिन किसानों की धान की नर्सरी तैयार हो गई है, वह रोपाई कर सकते हैं। वैसे जिन किसानों ने सब्जी उगाई है, उन्हें चाहिए कि वह खेत से पानी निकाल दें, अन्यथा पानी लगने के कारण सब्जियां सड़ सकती है।
पीसी विश्वकर्मा- जिला कृषि अधिकारी