धान बेहन डालने की तैयारी में जुटे किसानाें के चेहरे खिले
संतकबीरनगर। भीषण गर्मी से बेहाल लोगों के लिए रविवार का दिन राहत लेकर आया। तेज हवाओं के बीच दोपहर में करीब दो घंटे झमाझम बारिश हुई। इस दौरान मुखलिसपुर रोड के बनियाबारी में सड़क पर पेड़ की डाली टूट कर गिर गई, जिससे करीब आधा घंटा तक आवागमन बाधित रहा।
गांव के लोगों के प्रयास से पेड़ की डाली हटवाई गई तब जाकर आवागमन बहाल हो सका। दूसरी तरफ बारिश होने से धान की बेहन डालने की तैयारी में जुटे किसानों के चेहरे खिल गए है। खेतों में जमा हुए पानी को रोकने के लिए मेड़बंदी शुरू हो गई। लेकिन बारिश ने शहर के लोगों की मुसीबत बढ़ा दी।
वजह यह है कि बारिश के चलते शहर में कई स्थानों पर भारी जल जमाव हो गया है। ऐसे में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रविवार को दोपहर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।
आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज हवा चलने लगी और देखते ही देखते मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश करीब दो घंटे तक अनवरत होती रही, इस दौरान छोटे-छोटे ओले भी गिरे। जिससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली।
बच्चों व युवाओं ने बारिश में भीगकर मौसम का लुत्फ उठाया। दूसरी तरफ बारिश के चलते शहर के मुखलिसपुर चौराहा, गोलाबाजार, लोक निर्माण विभाग के डाकबंगले के सामने, कचहरी परिसर, मोती चौराहा, मड़या, मेेंहदावल रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारी जल जमाव हो गया।
नालियां जाम होने के कारण जल जमाव शाम तक बना रहा। नालियों के ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी सड़क पर आकर बहने लगा, जिससे पैदल यात्रियों को काफी परेशानी हुई। दो पहिया वाहन सवार भी कीचड़ के कारण फिसल कर गिरे।
खास कर मुखलिसपुर रोड रेलवे क्रासिंग के पास लोगों को आने-जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गोलाबाजार निवासी महेश कुमार ने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था ठीक न होने के कारण जल जमाव की समस्या है, उन्होंने कहा पालिका प्रशासन को नालियों की सफाई करानी चाहिए।
मुखलिसपुर तिराहा निवासी संजय कुमार ने भी जल निकासी पर उंगली उठाई, कहा कि यहां नालियां पूरी तरह से जाम है, जिससे जल जमाव हो रहा है।