संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी डाॅ. सर्वेश कुमार यादव द्वारा नाथनगर क्षेत्र स्थित उर्वरक की छह दुकानों व गोदाम पर छापामार कार्रवाई की गई। निरीक्षण में पीओएस मशीन के स्टॉक से भौतिक स्टॉक का सत्यापन किया गया। उपस्थित किसानों से भी उर्वरक वितरण के संबंध में जानकारी ली गई।
गुप्ता खाद भंडार, मुखलिसपुर एवं इम्तियाज अहमद खाद भंडार द्वारा स्टॉक बोर्ड अद्यतन नहीं किए जाने के कारण नोटिस जारी किया गया। दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि उर्वरक वितरण में फॉर्मर रजिस्ट्री के अनुसार ही किसानों को खाद उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा साधन सहकारी समिति, मुखलिसपुर, पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र चन्द्रौटी नाथनगर, आईएफएफडीसी, अलीनगर आदि का भी निरीक्षण किया गया। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त यूरिया डीएपी समेत अन्य उर्वरक उपलब्ध हैं।
जनपद में अभी भी 15129 एमटी यूरिया, 4512 एमटी डीएपी उपलब्ध है, जबकि किसानों को लगभग 15128 एमटी यूरिया, 2150 एमटी डीएपी का वितरण किया जा चुका है। जोत के अनुसार ही किसान खाद का क्रय करने के बाद पीओएस मशीन से रसीद जरूर लें।