संतकबीरनगर। जिले के नवागत जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर डबल लॉक में जरूरी अभिलेखों पर हस्ताक्षर कर कार्यभार ग्रहण किया। निवर्तमान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने नवागत जिलाधिकारी आलोक कुमार को पदीय दायित्वों का चार्ज सौंपा।
बतादें कि नवागत जिलाधिकारी आलोक कुमार 2014 बैंच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा, सचिव लोक सेवा आयोग सहित विभिन्न जनपदों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। नवागत डीएम मूल रूप से उन्नाव जनपद के रहने वाले हैं। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की।
कहा कि शासन की नीतियों एवं विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करना तथा आम जनता की समस्याओं को सुनना और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व जयप्रकाश, एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, एएसपी सुशील कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।