संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की वर्ष-2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप बदला नजर आएगा। नई व्यवस्था के तहत कॉपियों पर क्यूआर कोड अंकित होगा और उनके रंग भी अलग-अलग होंगे। इससे उत्तर पुस्तिकाओं में होने वाली धोखाधड़ी पर रोक लगेगी
इससे उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान आसान होगी और कॉपियों की अदला-बदली जैसी गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उत्तर पुस्तिकाओं के मुख्य कवर पेज पर परीक्षा से संबंधित विवरण के साथ परीक्षक की ओर से दिए गए अंकों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई है। बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा पांच फरवरी से प्रस्तावित है। परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी।
शिक्षा विभाग परीक्षा केंद्रों के निर्धारण समेत अन्य तैयारियों में जुटा है। नए प्रारूप की उत्तर पुस्तिकाओं का इस्तेमाल इन परीक्षार्थियों की परीक्षा में किया जाएगा। बोर्ड की ओर से कॉपियों पर क्यूआर कोड और अलग-अलग रंग की व्यवस्था का उद्देश्य उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान को अधिक आसान और सुरक्षित बनाना है।
डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षा में शुचिता निर्धारण के लिए तमाम उपाय हो रहे हैं। उत्तर पुस्तिकाओं पर क्यूआर कोड इस बार अंकित रहेगा, जिससे यह पता चल सकेगा कि किस कमरे में किस क्यूआर की उत्तर पुस्तिका गई है।