संतकबीरनगर। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पालिका प्रशासन ने कदम उठाया है। इसके तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर 15 सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होगा। इस पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। कुछ स्थानों पर शौचालय के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।
जिला बनने के बाद शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में शहर की आबादी करीब एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। दूर दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग जरूरी कार्य से आते हैं। सार्वजनिक शौचालयों की कमी के चलते लोगों को जरूरत पड़ने पर भटकना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए पालिका प्रशासन ने करीब एक साल पहले 15 स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया था।
इसमें बड़गो मंदिर के पास, डीएम आवास के पास, मोहद्दीनपुर में बाग के पास, सरौली पोखरे के पास, पटखौली मोड, मड़या में कान्हा गोशाला के पास, मिश्रौलिया में काली मंदिर के पास, सरैया में नवीन मंडी के पास, बनियाबारी प्राथमिक विद्यालय के पास, गौसपुर में पोखरे के पास, औद्योेगिक नगर में पार्क के पास, डीघा में डीह बाबा के निकट, आरटीओ कार्यालय के पास, बगहिया चौराहे के पास व कोतवाली के पास सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाना है। लंबे अरसे के बाद अब पालिका प्रशासन ने सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है।