सांथा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर कला में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर होने पर जनकल्याणकारी स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. भूपेंद्र सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक कुमार सोनी ने की। कार्यक्रम का संचालन आनंद मौर्य ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं जागरूकता प्रदान की गई।
मेले में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रदर्शनी लगाई, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं लोगों ने सराहा। बच्चों ने शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न मॉडल एवं चार्ट प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार सिंह सहित सीएचसी का समस्त चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहा। वक्ताओं ने सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।