रोसयाबाजार। ब्लाॅक संसाधन केंद्र पौली के सभागार में दो दिवसीय नवाचार मेला व नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों ने टीएलएम का निर्माण कर स्टाॅल लगाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन प्रसाद व शिक्षक संघ के ब्लाॅक मंत्री विपिन कुमार वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि नवाचार द्वारा शिक्षक गुणवत्तायुक्त शिक्षा बच्चों को दें, जिससे बच्चे उत्साहित होकर शिक्षा ग्रहण करेंगे। जिस तरह यहां टीएलएम का निर्माण किया गया है, उसी तरह विद्यालय पर निर्माण कर बच्चों को उसी से पढ़ाने का कार्य करें। निरीक्षण के दौरान स्वयं अवलोकन भी करेंगे।
मुख्य अतिथि द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन कर शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर उत्साह वर्धन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक विनोद कुमार पांडेय ने किया। कार्यक्रम में एआरपी संजीव कुमार, आदर्श मणि त्रिपाठी, अभय दुबे, भोलेंद्र नाथ यादव, आशीष तिवारी आदि मौजूद रहे।