शिक्षकाें की नियुक्ति का मामला
- फोटो : अंबरीश मिश्रा
संतकबीरनगर। 16 हजार सहायक अध्यापक भर्ती के मामले में नियुक्ति पत्र दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को देर शाम अभ्यर्थी बीएसए कार्यालय पर पहुंच गए। जहां अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र के लिए हंगामा शुरू कर दिया और धरने पर बैठ गए। बीएसए ने पुलिस बुलाकर अभ्यर्थियों को कार्यालय से बाहर करवाया और कार्यालय में ताला बंद कराया।
सहायक अध्यापक पद पर चयनित अभ्यर्थी आशुतोष कुमार, अश्वनी यादव, इशांत शुक्ल, रमेश राय, सर्वेश, रितेश दत्त पांडेय, दिनेश, कमलेश, शैलेंद्र आदि का कहना है कि उनकी काउंसिलिंग 16 और 17 अगस्त को कराई गई थी। इसके बाद महिला अभ्यर्थियों से 24 अगस्त को विद्यालयों का विकल्प लिया गया था।
उसी दिन नियुक्ति पत्र देने की बात बीएसए ने कही थी, पर नियुक्ति पत्र नहीं दिया। उसके बाद से लगातार नियुक्ति पत्र के लिए दौड़ लगा रहे है। कर्मचारी और अधिकारी इसके बारे में कोई जवाब नहीं दे रहे है। ऐसा लगता है कि भर्ती में कुछ गड़बड़ी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अन्य जनपदों में नियुक्ति पत्र बांटा जा चुका है तो यहां पर क्यों नहीं बांटा जा रहा है। अभ्यर्थी काफी देर तक बीएसए कार्यालय पर हंगामा किए। बीएसए ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने अभ्यर्थियों को बीएसए कार्यालय से बाहर निकाला और कार्यालय को बंद कराया।
बीएसए जगदीश शुक्ल ने कहा कि अभ्यर्थियों को दो सितंबर को नियुक्ति पत्र देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन अभ्यर्थी आज ही नियुक्ति पत्र की मांग करने लगे। उन्होंने बताया कि सोमवार को शिक्षा मित्रों की काउंसिलिंग कराई गई है। उनको शामिल करते हुए जल्द ही नियुक्ति पत्र का वितरण कर दिया जाएगा।