संतकबीरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर में 22 फरवरी को आयोजित होने वाले वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारी को लेकर बैठक हुई। इसमें उन्होंने इसके प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
बैठक में यह सुझाव आया कि विधिक सेवा एवं सहायता शिविर के सफल आयोजन के लिए डीएम की अध्यक्षता में एक सप्ताह के अन्दर बैठक बुलाया जाए। जिसमें जिले के सभी विभागों के विभागीय अधिकारियों को लाभान्वित कराने वाले पात्र लाभार्थियों की सूचना निर्धारित प्रारूप पर मांगा जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विधिक सेवा सहायता शिविर का आयोजन हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद में 22 फरवरी को होगा। जिसमें सभी विभाग के लोग अपने-अपने लाभार्थियों का पंजीकरण कराएंगे एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित स्टाल भी लगाएंगे। सभी विभाग के अधिकारियों की अपने लाभार्थियों को मेगा कैम्प में लाने एवं ले जाने की जिम्मेदारी होगी तथा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, वितरण पत्र इत्यादि उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी। बैठक में डीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।