संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर/ महुली। क्षेत्र के क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीदारी ठप होने के चलते किसानों को भटकने को मजबूर होना पड़ा रहा है। पंजीकरण करा चुके किसान मजबूरी में स्थानीय व्यापारियों के हाथों गेहूं बेचने पर मजबूर हैं।
क्षेत्र के हरिहरपुर, लुतुही और झिंगुरापार में गेहूं खरीद के लिए केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन बोरे के अभाव में खरीदारी बंद है। खरीदारी न होने से केंद्रों पर ताला लटक रहा है। किसान रघुपति यादव, हनुमान पटेल, गिरिजा शंकर, विनोद कुमार आदि ने बताया कि केंद्रों पर खरीद न होने से किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचना पड़ रहा है। गेहूं की उपज के सहारे परिवार की परवरिश का सपना संजोए किसानों के लिए खरीदारी बंद हो जाना किसी सदमे से कम नहीं है।
लोगों ने गेहूं खरीद के लिए केंद्रों पर बोरा उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे उनकी उपज का वाजिब दाम मिल सके।